मेरठ 20 मई (आरएनएस)। चार दिन पहले ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर और ट्रेवल्स के ऑफिस पर गोलियां बरसाने वाले बदमाश को पुलिस ने देर रात भर दबोचा। घटना में प्रयुक्त गाड़ी बरामद कराने गए बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जो पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है। बदमाश के पास से घटना में प्रयुक्त कार, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि बीती 16 मई को टाटा हैरियर गाड़ी में सवार बदमाशों ने माधवपुरम सेक्टर एक स्थित मनोज कुमार गोयल के ओम प्रॉपर्टी और रविंद्र शर्मा के महादेव प्रॉपर्टी टूर एंड ट्रेवल्स के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए ऑफिस के कांच तोड़ दिए थे। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए टाटा हैरियर गाड़ी को चिन्हित किया। घटना में नितिन राणा, अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित और चीकू उर्फ पिस्टल के नाम प्रकाश में आए। देर रात पुलिस ने अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित को गिरफ्तार कर लिया। गुड्डू ने बताया कि घटना में प्रयुक्त गाड़ी उसने नूर नगर कट के पास कूड़ा गोदाम में खड़ी की है। पुलिस गुड्डू को साथ लेकर गाड़ी बरामद करने गई थी। जहां गाड़ी बरामद होते ही गुड्डू ने गाड़ी के डैशबोर्ड से तमंचा निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गुड्डू पैर में गोली लगने से घायल हुआ। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हैरियर गाड़ी, तमंचा-कारतूस और दो मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

