उत्तरकाशी,20 मई (आरएनएस)। जिलेभर में बुधवार को गंगोत्री से लेकर आराकोट तक सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहे। दवा विक्रेताओं ने ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट छूट प्रणाली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। केमिस्ट संगठनों ने आरोप लगाया कि बड़े कॉरपोरेट समूह भारी डिस्काउंट देकर दवा बाजार का संतुलन बिगाड़ रहे हैं।
बंद के कारण कई क्षेत्रों में आम लोगों को दवाइयां लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, आपातकालीन जरूरतों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखने का दावा किया गया। दवा विक्रेताओं का कहना है कि बिना पर्याप्त निगरानी के चल रही ऑनलाइन दवा बिक्री से पारंपरिक मेडिकल स्टोर प्रभावित हो रहे हैं और मरीजों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ रहा है। साथ ही नकली दवाओं के बढ़ते खतरे को भी गंभीर चिंता का विषय बताया गया। उत्तरकाशी जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष व संगठन मंत्री माधव प्रसाद जोशी ने कहा कि आंदोलन केवल व्यापारिक हितों के लिए नहीं बल्कि दवा कारोबार और मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री और अनियमित छूट प्रणाली पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की। विरोध जताने वालों में जिला महामंत्री संजीव चौहान, शैलेंद्र रतूड़ी, अध्यक्ष गंगा यूनिट मनोज भंडारी, नवीन कुडिय़ाल, अमित सकलानी, सुरजीत, सुरेश भट्ट, शैलेश अवस्थी आदि शामिल थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

