उत्तरकाशी,20 मई (आरएनएस)। सिलक्यारा टनल परियोजना में निर्माण कार्य कर रही कंपनी नवयुगा इंजीनियरिंग लिमिटेड से इलेक्ट्रॉनिक मोटर चोरी होने का मामला सामने आया है। महत्वपूर्ण परियोजना से जुड़े मामले में बड़कोट पुलिस ने बेहद तेजी दिखाते हुए महज 6-7 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी हुई इलेक्ट्रॉनिक मोटर भी बरामद कर ली है। बीते 19 मई को सिलक्यारा टनल निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली इलेक्ट्रॉनिक मोटर चोरी होने की सूचना कम्पनी प्रबंधन की ओर से कोतवाली बड़कोट में दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सिलक्यारा टनल परियोजना राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं में शामिल है। ऐसे में परियोजना स्थल से उपकरण चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई की। कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस ने डंडालगांव बड़कोट निवासी 29 वर्षीय भीम सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कंपनी की चोरी हुई इलेक्ट्रॉनिक मोटर बरामद कर ली।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

