कोटद्वार,20 मई (आरएनएस)। रिखणीखाल ब्लॉक की ग्राम पंचायत कांडा में पेयजल संकट गहरा गया है। प्रधान बिनीता ध्यानी ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने पेयजल निर्माण निगम द्वितीय शाखा के अधिशासी अभियंता अजय बेलवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्राम प्रधान बिनीता ध्यानी ने बताया कि कांडा के खेड़ा, तूणीचौड़, गजरोड़ा और बैडवाड़ी गांवों में पेयजल की गंभीर समस्या है। गांवों को डांडापाणी रौला से पानी मिलता है जो सुचारू नहीं है। बुडोला खोला के लिए केरिगाड स्रोत और सौंटियाल खोला चौड़ के लिए खलगड़ी रौला की योजनाएं भी ठीक से काम नहीं कर रही है। गांव के कई तोकों में पानी की आपूर्ति बाधित है। खेड़ा, बैडवाड़ी, गजरोड़ा का वितरण टैंक मात्र पांच हजार लीटर का है जो 40 परिवारों के लिए पर्याप्त नहीं है। इसकी क्षमता दस हजार लीटर करने की मांग की गई है। दियोड़, जवाडिय़ूं रौला, बिरोबाड़ी और भैंस्यारौ में भी पेयजल समस्या है। जवाडिय़ूं रौला के 25 परिवारों को योजना से जोड़ा गया था पर यह मुख्य वितरण टैंक से अलग हो गया। पाइपलाइन च्वरपणी स्रोत से बार-बार टूटती है। वन्य जीव और आपदा भी पेयजल लाइन को क्षतिग्रस्त करते हैं। अधिशासी अभियंता ने सभी मांगों पर कार्रवाई कर स्थायी समाधान का भरोसा दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

