कोटद्वार,20 मई (आरएनएस)। पौड़ी गढ़वाल में बढ़ते जंगली जानवरों की दहशत के खिलाफ उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से जयहरीखाल क्षेत्र में जन आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी शामिल हुए।यूकेडी के लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष कुलदीप रावत के नेतृत्व में निकाली गई जन आक्रोश रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में गुलदार, भालू व अन्य जंगली जानवरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। आए दिन ग्रामीणों व पालतू पशुओं पर हमले हो रहे हैं। शासन-प्रशासन प्रभावी कदम उठाने में नाकाम साबित हो रहा है। यूकेडी लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष कुलदीप रावत ने कहा कि पहाड़ के गांवों में लोगों का जीवन असुरक्षित हो चुका है। ग्रामीण शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। सरकार को पहाड़ के लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर होना चाहिए और केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल हमेशा स्थानीय मुद्दों, भू-कानून, रोजगार, पलायन और पहाड़ की जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है। रैली के दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर अभियान भी चलाया, जिसमें शामिल ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग का समर्थन किया। रैली में यूकेडी जिलाध्यक्ष संदीप रौतेला, महेंद्र गुसाईं मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
जनआक्रोश रैली में जताया शोक: जयहरीखाल में निकली जनआक्रोश रैली के दौरान दो मिनट का मौन रखकर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भुवनचंद्र खंडूरी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें उत्तराखंड की राजनीति का सादगीपूर्ण और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

