कोटद्वार,20 मई (आरएनएस)। आदर्श विद्यालय जीआईसी में विद्यार्थियों के पठन-पाठन के लिए चार कक्षों का निर्माण तो कराया गया लेकिन ठेकेदार ने उस पर ताला लगा दिया है। कार्यदायी संस्था उत्तराखंड कृषि विपणन बोर्ड को शिक्षा विभाग की ओर से केवल साठ फीसदी धनराशि का भुगतान किया गया है। विकासखंड दुगड्डा के क्रांतिकारी भवानी सिंह रावत आदर्श विद्यालय में सह शिक्षा के तहत छात्र-छात्राओं की संख्या में वृद्धि होने से चार अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य कराया गया। शिक्षा विभाग की ओर से उत्तराखंड कृषि विपणन बोर्ड को कार्यदायी संस्था बनाया गया। एक करोड़ की लागत से निर्माण कार्य संपन्न कराया जाना था। निर्माण कार्य धीमी गति से कराए जाने के कारण 20 माह बीतने के बाद भी नवनिर्मित भवन को विद्यालय के सुपुर्द नहीं किया गया है। अब बरसात शुरू होने वाली है। कक्षों की कमी के चलते छात्र-छात्राओं को बारिश के दौरान असुविधा होगी। इस संबंध में कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता विपुल पोखरियाल ने बताया कि नवनिर्मित भवन विद्यालय को हैंडओवर करने के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदार को अवगत करा दिया गया है कि शेष 40 फीसदी भुगतान शिक्षा विभाग की ओर से करने के लिए पत्र लिखा जा रहा है।
प्रधानाचार्य गिरीशचंद्र खर्कवाल ने बताया कि नवनिर्मित भवन को कार्यदायी संस्था की ओर से हैंडओवर नहीं किया गया है। विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि होने से अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता है। निर्माण कार्य के बाद ठेकेदार द्वारा भवन के प्रवेश द्वार पर ताला लगाना अनुचित है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

