बलौदाबाजार 21 मई (आरएनएस) पंचशील नगर में आधी रात घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया है। पुरानी रंजिश इतनी बढ़ गई कि आरोपी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच सीधे पीड़ित के घर में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। मामले ने इलाके में दहशत फैला दी थी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी वैभव सिंह ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 मई 2026 की रात आरोपी शेशांत बंजारे उर्फ बाबू और हर्ष पटेल पुराने विवाद और रंजिश को लेकर उसके घर पहुंचे, जबरन अंदर घुसे और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ-साथ अन्य लोगों से भी मारपीट की। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत धारा 331(6), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और जांच-विवेचना के दौरान दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी दुश्मनी और लड़ाई-झगड़े की बात को लेकर घर में घुसकर धमकी देने और मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में शेशांत बंजारे उर्फ बाबू, उम्र 18 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती बलौदाबाजार और हर्ष पटेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी बलौदाबाजार शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बहरहाल, बलौदाबाजार पुलिस का यह एक्शन साफ संदेश दे रहा है कि निजी रंजिश में कानून हाथ में लेने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

