सिरसा 21 मई (आरएनएस)। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डबवाली पुलिस द्वारा नशे व इससे जुड़े अवैध कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डबवाली के निर्देशानुसार शुरू किए गए “संध्या संवाद” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन की सहभागिता से नशा तस्करी नेटवर्क को जड़ से समाप्त कर नशा मुक्त डबवाली के संकल्प को साकार करना है। इस पहल के तहत पुलिस अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा तस्करी से संबंधित सूचनाएं पुलिस से साझा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं ।इसी क्रम में डीएसपी मुख्यालय डबवाली योगेश कटारिया गांव शेरगढ़ में नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश देने व ग्रामीणों को नशे के खिलाफ प्रशासन के साथ एकजुट होकर लडऩे के लिए प्रेरित करने पहुंचे । उन्होंने इस दौरान गांव के युवाओं, बुजुर्गों व प्रतिष्ठित व्यक्तियों से सीधा संवाद किया व नशे के खिलाफ हर व्यक्ति को जागरूक करते हुए आगे आ कर पुलिस व प्रशासन का सहयोग देने बारे कहा । उन्होंने युवाओं को खेलों की ओर कदम बढ़ाने व नशे से दुर रहकर समाज कल्याण के कार्यों व अपने भविष्य को संवारने की ओर अग्रसर होने हेतु प्रेरित किया ।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गलत संगत के कारण कई नवयुवक कम उम्र में ही नशे की लत में पड़ जाते हैं, जो धीरे-धीरे बढ़कर गांजा, अफीम व चरस जैसे गंभीर मादक पदार्थों तक पहुंच जाती है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को कमजोर करता है, परिवार व समाज में विवाद बढ़ाता है और आर्थिक स्थिति बिगाड़ देता है। कई बार व्यक्ति नशे की पूर्ति के लिए अपराध की ओर भी बढ़ जाता है । उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे युवाओं को खेल कूद की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें व उन्हें नशे से दूर रहने व स्वस्थ जीवन के लाभ से अवगत करवाएं ।उन्होंने ग्रामीणों से नशे से ग्रसित हो चुके व्यक्तियों को नशा छोडऩे के लिए प्रेरित करने लिए कहा । उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति टीम डबवाली लगातार गांव गांव में डोर टू डोर अभियान चलाते हुए नशा पीडि़तों की पहचान कर उन्हें अनुभवी चिकित्सकों से काउंसलिंग करवाकर उनका इलाज शुरू करवा रही है । जिनका नियमित रूप से फीडबैक भी लिया जा रहा है ताकि इलाज प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके ।डबवाली पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा । नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा । उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । नशा तस्करों के खिलाफ इस अभियान में डबवाली पुलिस का सहयोग करें व नशा तस्करों की सूचना मानस पोर्टल व हेल्पलाइन न. 1933 व डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 पर दें । सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी । इसके अलावा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 व नजदीकी थाना, चौकी में सम्पर्क करें ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

