संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर
सिरसा 21 मई (आरएनएस)। पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में डबवाली पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से एक सुदृढ़ रणनीति के तहत डीएसपी मुख्यालय डबवाली योगेश कटारिया की अगुवाई में पंजाब सीमा पर स्थित नाका तख्तमल पर बीती रात्रि विशेष नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया ।
इस अभियान के तहत 30 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहन चेकिंग की । यातायात नियमों की अवहेलना कर ड्रंकन ड्राइव करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई । व्यापक स्तर पर नाकाबंदी कर विभिन्न प्वाइंट्स पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया । प्रत्येक वाहन की बारीकी से जांच की गई, दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ वाहन चालकों एवं सवार व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन भी किया गया । संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार पूछताछ भी की गई।
डबवाली पुलिस द्वारा इस दौरान आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया गया । इसी संबंध में डबवाली पुलिस कर्मियों को प्रभावी नाकाबंदी, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तथा आमजन के प्रति संवेदनशील एवं व्यवहारिक पुलिसिंग सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है, ताकि अभियान के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ आमजन के साथ संवेदनशील रहे और उन्हें असुविधा ना हो ।
इस प्रकार के नाइट डोमिनेशन अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई, चोरी एवं अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है । सीमावर्ती क्षेत्र अपराधियों की आवाजाही के दृष्टिगत संवेदनशील होते हैं, इसलिए यहां विशेष सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
नाइट डोमिनेशन के दौरान पीओ स्टाफ डबवाली की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी गुलाब सिंह को काबू किया है । पीओ गुलाब सिंह चोरी के थाना कालांवाली में 2020 में दर्ज मामले में करीब दो साल से वांछित था ।
पुलिस प्रवक्ता ने आगे कहा कि डबवाली पुलिस द्वारा लगातार ऐसे विशेष अभियान चलाकर अपराधियों में भय व आमजन में सुरक्षा की भावना सुनिश्चित करना ही प्राथमिक उद्देश्य है । यह अभियान पुलिस की सक्रियता एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आमजन को भी जागरूक करते हुए अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना, चौकी व डायल-112 पर दें ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

