अयोध्या 21 मई (आरएनएस)। स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 70 आंगनबाड़ी केंद्रों के संबंध में समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु भूमि उपलब्धता एवं स्थान चिन्हांकन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि 70 में से 61 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है। शेष 9 केंद्रों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने हेतु विचार-विमर्श किया गया, जिसमें 3 केंद्रों के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया। जिलाधिकारी ने शेष 6 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शीघ्र भूमि चिन्हांकन सुनिश्चित करने हेतु उप जिलाधिकारी सदर को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

