मेरठ 21 मई (आरएनएस)। गंगानगर स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकेंड ईयर की छात्रा द्वारा खुदकुशी के मामले में छात्रा के पिता द्वारा दी गई तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आईआईएमटी विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, कार्यवाही की मांग को लेकर यूनिवर्सिटी के गेट पर चल रहा छात्रों का धरना 22 घंटे बाद बृहस्पतिवार को यूनिवर्सिटी के वीसी द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद समाप्त हो गया।
बताते चलें कि सहारनपुर निवासी अनु गोयल आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकेंड ईयर की स्टूडेंट थी। बुधवार की सुबह अनु ने गल्र्स हॉस्टल की छत से कूद कर जान दे दी थी। इसके बाद छात्र नेता विजित तालियान के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग को लेकर यूनिवर्सिटी के गेट पर धरना देकर बैठे थे। देर रात छात्रा के पिता ओमकार गोयल द्वारा दी गई तहरीर पर कार्रवाई करते हुए गंगानगर पुलिस ने छात्रा को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद छात्रा के पिता अपनी बेटी के शव को लेकर सहारनपुर वापस लौट गए।
उधर, यूनिवर्सिटी के गेट पर चल रहा छात्रों का धरना बृहस्पतिवार दोपहर तक जारी रहा। दोपहर को यूनिवर्सिटी के वीसी ने छात्र नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया। जिसमें आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि कोई दोषी पाया गया तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

