मेरठ 21 मई (आरएनएस)। वेब सीरीज मिर्जापुर की तर्ज पर मेरठ जिले को हथियारों की मंडी बनाने के बदमाशों के मंसूबों पर लिसाड़ी गेट पुलिस और स्वॉट टीम ने समय रहते पानी फेर दिया। पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से हथियारों का जखीरा और भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि पुलिस और स्वॉट टीम ने कांच का पुल के पास से काले रंग की स्कूटी पर सवार तारापुरी निवासी शोएब उर्फ सैफ को गिरफ्तार किया। जिसके पास से पुलिस को 32 बोर की एक पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई।
पूछताछ में शोएब ने बताया कि वह आशियाना कॉलोनी निवासी शान इलाही से पिस्टल खरीद कर उसे बेचने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आशियाना कॉलोनी में छापा मारा। जहां पुलिस ने शान इलाही को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से दो और पिस्टल बरामद कीं। साथ ही मौके से दो अधबनी पिस्टल, 20 मैगजीन और भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ऑन डिमांड पिस्टल बनाकर उसे 30 से 50 हजार रुपए में अलग-अलग जिलों में बेचा करते थे। एसपी सिटी ने बताया कि अगर समय रहते यह बदमाश पकड़े नहीं जाते तो इनके पास बरामद हुए उपकरणों से यह सैकड़ों पिस्टल बनाकर बेच सकते थे। आरोपियों के दो साथी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

