कुशीनगर, 21 मई (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा कुशीनगर के जिलाध्यक्ष एडवोकेट उदयभान यादव ने लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं पर बल प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
अपने डुमरी स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एडवोकेट उदयभान यादव ने प्रदेश सरकार की बुलडोजर कार्रवाई को जनविरोधी करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून व्यवस्था के नाम पर गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि न्यायालय की प्रक्रिया को दरकिनार कर की जा रही कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। श्री यादव ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल प्रचार में व्यस्त है। किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र की डबल इंजन सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के नाम पर केवल बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं दिखाई दे रहा है। कुशीनगर एयरपोर्ट का मुद्दा उठाते हुए एडवोकेट उदयभान यादव ने कहा कि एयरपोर्ट के उद्घाटन के समय बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज भी यहां से नियमित उड़ान सेवा शुरू नहीं हो सकी है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय लोगों को मिलने वाले लाभ प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री केवल घोषणाएं करने में लगे हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। सपा अधिवक्ता संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

