रायगढ़ 21 मई (आरएनएस) सीतापुर में मिले ब्लाइंड मर्डर केस का ऐसा खुलासा हुआ जिसने दोस्ती के रिश्ते को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। जिस दोस्त के साथ युवक रातभर घूमता रहा, उसी ने मामूली विवाद में उसे मौत के घाट उतार दिया। कोतरारोड़ पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी अमन बसोड़ को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपने दोस्त तिलक वर्मा की ईंट और हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला कर बेरहमी से हत्या करना कबूल किया है। मामला 15 मई 2026 का है, जब सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी शील कुमार आदित्य, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि घटना की रात टावर मैदान में तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात पर विवाद हुआ था। बाद में दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ और रात में शराब की तलाश करते हुए सीतापुर पहुंचे। सामुदायिक भवन के पास बैठने के दौरान पुराना विवाद फिर भड़क गया और गुस्से में आरोपी अमन बसोड़, उम्र 21 वर्ष, निवासी भगवानपुर थाना कोतरारोड़ ने पहले लोहे के कड़े से हमला किया, फिर पास पड़ी ईंट से सिर, गर्दन और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दोस्त की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर सूचना पर पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कड़ा और घटना के समय पहने कपड़े जप्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस का साफ संदेश है कि हत्या कर भागने वाले अपराधियों के लिए अब कानून से बच निकलना नामुमकिन होता जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

