० एडमिट कार्ड डाउनलोडिंग शुरू
सुकमा, 21 मई (आरएनएस)। भारतीय सेना द्वारा वर्ष 2027 की भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (ष्टश्वश्व) की परीक्षा तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र सुकमा के अनुसार, विभिन्न श्रेणियों के लिए यह ऑनलाइन परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का पहला चरण 01 जून से 05 जून तक और दूसरा चरण 08 जून से 12 जून तक चलेगा। योग्य एवं पंजीकृत उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें।
छत्तीसगढ़ राज्य में इस परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। राज्य के 05 प्रमुख शहरों भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में कुल 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए परीक्षा प्रतिदिन 3 से 4 शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। सभी उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) जारी होना शुरू हो गए हैं, जिन्हें भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट http://joinindianarmy.nic.in से तुरंत डाउनलोड किया जा सकता है। परीक्षार्थियों को केंद्र पर तय समय से पहले पहुंचने और प्रवेश पत्र पर दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी प्रकार की दुविधा या स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के हेल्पलाइन नंबर 0771-2965212 अथवा 2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही सेना ने एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी जारी की है कि भारतीय सेना में चयन पूरी तरह से पारदर्शी और केवल उम्मीदवार की योग्यता (मेरिट) के आधार पर होता है। इसलिए सभी आवेदक नौकरी लगवाने का झांसा देने वाले दलालों और ठगों से पूरी तरह सावधान रहें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

