अंबिकापुर 21 मई (आरएनएस) शहर में सड़क को पार्किंग समझने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन शुरू हो गया है। शहर की व्यस्त सड़कों पर बेतरतीब और गैर जिम्मेदार तरीके से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों पर सरगुजा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों से कुल 25 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला है। इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया और सड़क किनारे मनमर्जी से वाहन खड़े करने वालों में खौफ दिखाई दिया। यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने निकली अंबिकापुर यातायात पुलिस को कई ऐसे वाहन मिले जो मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गलत तरीके से खड़े थे, जिससे आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए यातायात शाखा अंबिकापुर प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सड़क पर यातायात बाधित कर रहे वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 11 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 25 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला। पुलिस का कहना है कि सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करना केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ भी है। अंबिकापुर यातायात पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि शहर में यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा। फिलहाल, इस कार्रवाई ने उन लोगों को साफ संदेश दे दिया है जो सड़क को अपनी निजी पार्किंग समझकर दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

