महासमुंद 21 मई (आरएनएस) पुलिस ने गांजा तस्करों के उस अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है जो एम्बुलेंस में गांजा भरकर ओडिशा से महाराष्ट्र तक सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने एंड टू एंड कार्रवाई करते हुए गांजा सप्लाई के सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक जुड़े सभी आरोपियों को पकड़कर तस्करी की पूरी चेन तोड़ दी है। इस कार्रवाई के बाद गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है। मामला थाना खल्लारी के अपराध क्रमांक 36/2026 का है, जहां 28 मार्च 2026 को एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और खल्लारी पुलिस ने बोलेरो एम्बुलेंस वाहन क्रमांक MH 49 C 0133 से 20 किलोग्राम अवैध गांजा जप्त किया था, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने परिवहनकर्ता सलमान खान उम्र 26 वर्ष निवासी मोमिनपुरा नागपुर और शिराज पठान उम्र 39 वर्ष निवासी गांधीबाग नागपुर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा से लाकर नागपुर में मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह के लिए सप्लाई किया जाना था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार मॉनिटरिंग करते हुए पहले ओडिशा के संबलपुर से सोर्स पर्सन सुशांता मुखी उम्र 34 वर्ष निवासी जिला बौद्ध ओडिशा को गिरफ्तार किया। फिर 21 मई 2026 को नागपुर महाराष्ट्र से डेस्टिनेशन प्वाइंट आरोपी मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह उम्र 22 वर्ष निवासी मोमिनपुरा बोरियापुरा नागपुर को दबोच लिया। पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क में अब तक चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गांजा परिवहन में इस्तेमाल एम्बुलेंस बोलेरो सहित कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपये की सामग्री जप्त की गई है। महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को प्रदेश में एंड टू एंड नारकोटिक्स इन्वेस्टिगेशन का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस का साफ संदेश है कि नशे के कारोबार की पूरी सप्लाई लाइन अब पुलिस के रडार पर है और तस्करों के लिए कहीं भी बच निकलना आसान नहीं होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

