दुर्ग 21 मई (आरएनएस) दुर्ग रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने ऑनलाइन सट्टा, म्यूल अकाउंट और अंतरराज्यीय चोरी गैंग के नेटवर्क को हिलाकर रख दिया है। अब इसी शानदार सफलता पर पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीमों को 33 हजार रुपये से ज्यादा के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। आईजी ने साफ कहा कि तकनीकी जांच, लगातार मॉनिटरिंग और टीमवर्क के दम पर दुर्ग पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। 16 मई 2026 को एसीसीयू टीम ने ऑनलाइन सट्टा और म्यूल अकाउंट प्रकरण में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोगों के बैंक खाते खुलवाकर पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड और चेकबुक लेकर ऑनलाइन सट्टे में पैसों के लेनदेन के लिए इस्तेमाल करते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगद रकम, 46 मोबाइल, 9 लैपटॉप, अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड और विभिन्न बैंक खातों में जमा करीब 10 लाख रुपये की जानकारी जुटाई। वहीं दूसरी तरफ दुर्ग जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर थाना सुपेला, पद्मनाभपुर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के जरिए मेरठ के शातिर चोर गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस टीम मेरठ रवाना हुई और आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर और जबलपुर में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, लाखों रुपये का चोरी का सामान और नगद रकम बरामद की। इन शानदार कार्रवाइयों से खुश होकर आईजी अभिषेक शांडिल्य ने चोरी प्रकरण में उत्कृष्ट काम करने वाली टीम को 23,500 रुपये और ऑनलाइन सट्टा-म्यूल अकाउंट मामले में कार्रवाई करने वाली टीम को 9,750 रुपये का पुरस्कार दिया। बहरहाल, दुर्ग पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश दे रही है कि तकनीक के दम पर अपराधियों का कोई भी नेटवर्क अब ज्यादा दिन छिप नहीं पाएगा।


