बलौदाबाज़ार 22 मई (आरएनएस) सुशासन तिहार के मंच से जब मुख्यमंत्री ने हेलमेट हाथ में लेकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया तो पूरा करहीबाजार तालियों से गूंज उठा। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के यातायात जागरूकता अभियान की खुले मंच से हुई सराहना ने इस पहल को पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया। 22 मई 2026 को ग्राम करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की जमकर प्रशंसा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद आमजनों और मोटरसाइकिल चालकों के बीच हेलमेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने खुद लोगों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट केवल नियम नहीं बल्कि जिंदगी बचाने वाली ढाल है और हर चालक को इसे आदत बनानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों को अनुकरणीय बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं हैं बल्कि लोगों की जिंदगी बचाने का काम कर रहे हैं। पुलिस द्वारा लगातार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आमजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में मदद मिल रही है। हेलमेट वितरण के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला और कई युवाओं ने मौके पर ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। बहरहाल, सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही जिंदगी छीन सकती है और यही वजह है कि अब जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच बनकर सामने आ रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

