पन्ना 22 मई (आरएनएस)। जिले में एक मादा तेंदुए का शव गहरे कुएं में मिला है। घटना उत्तर वन मंडल के देवेंद्र नगर रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीट बृजपुर (कंपार्टमेंट नंबर-99) में सामने आई।
तेंदुए का शव हटूपुर डूंगरिया पहाड़ के पास स्थित प्राण कृष्ण मित्र और राधा कृष्ण मित्र के निजी खेत में बने सिंचाई के कुएं में तैरता मिला। आज शुक्रवार को कुएं की रखवाली करने वाले चौकीदार मानिक लाल के पिता रामदास पाल ने सबसे पहले शव को देखा।
रामदास पाल ने तत्काल इसकी सूचना बृजपुर बीट गार्ड बसंत लाल वर्मा को दी। बीट गार्ड ने बिना देरी किए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और स्वयं मौके पर पहुंचे।
वन विभाग की टीम के प्रारंभिक मुआयने के अनुसार, शव लगभग 3 से 4 दिन पुराना प्रतीत होता है। अनुमान है कि तेंदुआ तीन-चार दिन पहले कुएं में गिर गया और बाहर न निकल पाने के कारण पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। इतने दिनों तक पानी में रहने के कारण शव फूल गया है।
फिलहाल, वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। वन अधिकारियों ने बताया कि शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा, जिससे मौत का सही कारण और समय ज्ञात हो सके।

