पन्ना 22 मई (आरएनएस)। पन्ना पुलिस ने 5 साल से फरार चल रहे एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी पर पन्ना जिले के अलग-अलग थानों में चोरी के 8 मामले दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से इसकी ताक में थी, लेकिन शातिर चोर बार-बार अपनी लोकेशन बदलकर चकमा दे रहा था।
आरोपी का नाम कोमल उर्फ विनय वर्मा (24 साल) है, जो उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का निवासी है। विनय पन्ना के सूने घरों को निशाना बनाता था और चोरी कर फरार हो जाता था। उसके खिलाफ पवई थाने में 4, कोतवाली पन्ना में 3 और धरमपुर थाने में 1 मामला दर्ज है।
आरोपी को पकडऩे पुलिस की टीम लगातार उसकी लोकेशन पर नजर रख रही थी। आखिर में साइबर सेल और तकनीकी जानकारी की मदद से पुलिस ने शुक्रवार, 22 मई को उत्तर प्रदेश के बबेरू में घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान विनय से पूछताछ में चोरी की कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है और चोरी का सामान भी मिल सकता है।

