जबलपुर 22 मई (आरएनएस)।एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह शुक्रवार शाम जिला कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। हंगामे के बीच 6 थानों की पुलिस मौके पर तैनात है। समर्थ को फिलहाल वकीलों के एक केबिन में रखा गया है।
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि समर्थ कोर्ट नंबर-32 में मास्क लगाकर बैठा था, जो जिला एवं सत्र न्यायाधीश का कोर्टरूम है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकार के तहत उसे वहां बैठने की अनुमति दी गई थी।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा की डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली एम्स के डायरेक्टर के नेतृत्व में टीम भोपाल एम्स में पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। तब तक पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। जांच की सहमति दी है। 20 मई को ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर्ड सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने पहुंचे थे, तब मुख्यमंत्री ने जांच का आश्वासन दिया था।

