वाशिंगटन,23 मई। अमेरिकी के साउथ कैलिफोर्निया में खतरनाक केमिकल के रिसाव का मामला सामने आया है। ऐसे में लगभग 40,000 लोगों को इलाका खाली करने के आदेश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक प्लास्टिक के पुर्जे बनाने में इस्तेमाल होने वाले एक खतरनाक केमिकल का रिसाव हो रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यह रसायन फट सकता है या विस्फोट कर सकता है। फिलहाल केमिकल टैंक लीकेज पर काबू पाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं घटना को लेकर ऑरेंज काउंटी के दमकल विभाग ने बताया कि गार्डन ग्रोव शहर में स्थित एक एयरोस्पेस प्लास्टिक कारखाने में गुरुवार को 22,700 से 26,500 लीटर मिथाइल मेथैक्रिलेट से भरा एक भंडारण टैंक अत्यधिक गर्म हो गया और उससे वाष्प हवा में फैलने लगी। अधिकारियों ने गार्डन ग्रोव के निवासियों को शहर छोडऩे का आदेश दिया है। गार्डन ग्रोव के अग्निशमन प्रमुख क्रेग कोवे ने शुक्रवार को कहा कि टैंक टूट सकता है और उसमें दरार पड़ सकती है, जिससे केमिकल जमीन पर फैल सकता है, या फिर उसमें विस्फोट हो सकता है। कोवे ने कहा, यह टैंक टूटेगा ही, और हमें नहीं पता कब। हम इसे रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
केमिकल के रिसाव की वजह से शुक्रवार को ऑरेंज काउंटी के पांच अन्य शहरों- साइप्रस, स्टैंटन, अनाहेम, ब्यूना पार्क और वेस्टमिंस्टर के कुछ निवासियों के लिए भी निकासी आदेश का विस्तार किया। यह घटना जीकेएन एयरोस्पेस में हुई, जो वाणिज्यिक और सैन्य विमानों के पुर्जे बनाती है। टैंक से रिसाव को रात भर रोकने में असमर्थ रहने के बाद यह आदेश जारी किया गया। फिलहाल मौके पर अभी भी केमिकल लीकेज पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इसे रोकना बेहद जरूरी है, अन्यथा यह विस्फोट भी कर सकता है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

