बलौदाबाज़ार 23 मई (आरएनएस) पुलिस चौकी गिरौदपुरी में पुलिस की “समाधान सेल” एक बार फिर अपराधियों के लिए काल साबित हुई और हेल्पलाइन पर मिली गुप्त सूचना ने दो शराब कोचियों को सीधे सलाखों तक पहुंचा दिया। गिरौदपुरी-कौवाताल मोड़ पर शुक्रवार को पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध शराब की खेप ले जा रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 29 नग देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2480 रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली। पुलिस के मुताबिक “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध शराब बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में चौकी गिरौदपुरी की टीम सक्रिय हुई और गिरौदपुरी-कौवाताल मोड़ के पास घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आगरदास सोनकर उम्र 50 वर्ष निवासी गिरौदपुरी और गायत्री प्रसाद पटेल उम्र 25 वर्ष निवासी गिरौदपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में शुरू की गई “समाधान सेल” योजना आम लोगों की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने में बेहद कारगर साबित हो रही है। व्हाट्सएप और कॉल के जरिए मिल रही सूचनाओं से अपराधियों की लगातार धरपकड़ हो रही है। बहरहाल, गिरौदपुरी की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि अब गुप्त सूचना देने वाला हर नागरिक पुलिस की ताकत बन रहा है और अवैध कारोबारियों के लिए बच निकलना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

