कराची,24 मई। पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास धमाके की खबर है। इस धमाके में 23 लोगों की मौत हो गई है जबकि 47 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक यात्री ट्रेन को निशाना बनाकर ये हमला किया गया। शुरुआती रिपोर्ट में धमाके के पीछे आत्मघाती हमलावर के होने की खबर सामने आ रही है। घायलों की संख्या को देखते हुए हताहतों का आंकड़ा बढऩे की आशंका है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जिस ट्रेन को निशाना बनाया गया, वो क्वेटा कैंट स्टेशन से निकली थी और उसमें पाकिस्तानी सेना के जवान सवार थे। मृतकों में जवानों के भी शामिल होने की भी खबर है। ये घटना क्वेटा के चमन फाटक के पास हुई। घटना के बाद सामने आए कथित वीडियो में ट्रेन का भारी नुकसान हुआ दिख रहा है। साथ ही घटनास्थल से धुंआ भी उठता दिखाई दे रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि क्वेटा कैंट से आने वाली शटल ट्रेन को चमन फाटक के पास निशाना बनाया गया। धमाका इतना तेज था कि इंजन समेत ट्रेन के 3 डिब्बे पटरी से उतर गए और 2 डिब्बे पलट गए। पास की पार्किंग में खड़ी दर्जनों गाडिय़ों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद कुछ ट्रेनों को एहतियात के तौर पर क्वेटा रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया गया है।
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस, सुरक्षा बल और बचाव कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं। रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे कायराना आतंकी हमला बताते हुए कहा, ऐसे हमले आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के हौसले को कमजोर नहीं कर सकते। फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ट्रक और राहत ट्रेन भी मौके पर भेजी गई है। रेल मंत्री ने घटना की रिपोर्ट मांगी है।
कुछ अपुष्ट खबरों में दावा किया जा रहा है कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस फिदायीन हमले की जिम्मेदारी ली है। रिपोर्ट के मुताबिक, बीएलए ने कहा, बीएलए की फिदायीन इकाई मजीद ब्रिगेड ने क्वेटा कैंट से पाकिस्तानी सेना के जवानों को ले जा रही एक ट्रेन को फिदायीन हमले में निशाना बनाया है। बीएलए इस अभियान की पूरी जिम्मेदारी लेती है। धमाके के बाद भारी गोलीबारी होने की भी खबर है।
००

