कोरबा 24 मई (आरएनएस) सड़क पर रफ्तार, लापरवाही और शराब के नशे में वाहन दौड़ाने वालों पर कोरबा पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे जिले में हड़कंप मच गया। “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत एक ही दिन में 104 वाहन चालकों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए ₹53,400 का समंस शुल्क वसूला गया, जबकि शराब पीकर वाहन चला रहे 19 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना, चौकी और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर से लेकर प्रमुख सड़कों तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग, ओवरलोडिंग और दस्तावेज विहीन वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चला रहे 19 चालकों को मौके पर पकड़कर कार्रवाई की, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कोरबा पुलिस लगातार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम करने के लिए अभियान चला रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, ट्रैफिक संकेतों का पालन करने और नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। गौरतलब है कि कोरबा पुलिस अब सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सख्त मोड में है और नियम तोड़ने वालों पर आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।


