बस्तर 24 मई (आरएनएस) जगदलपुर के पनारापारा में स्कूल के पीछे गांजा बेचने का धंधा चला रही महिला आखिरकार कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गई और बस्तर पुलिस ने “जीरो टॉलरेंस” अभियान के तहत ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। थाना कोतवाली जगदलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला ग्राहक का इंतजार करते हुए अवैध गांजा बेचने की फिराक में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने पनारापारा स्कूल के पीछे रानी के घर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम निशा नाग पति सोनू, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी पनारापारा स्कूल के पीछे, जगदलपुर जिला बस्तर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 930 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 49 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस पूछताछ में महिला वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सकी और गांजा बिक्री करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा जब्त कर आरोपी महिला को 23 मई 2026 को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, सउनि सतीश यादव, मीना यादव सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। बहरहाल, बस्तर पुलिस का साफ संदेश है कि नशे के कारोबार में शामिल लोग अब कानून की पकड़ से बच नहीं पाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

