योजनाओं की जानकारी ही विकास की पहली सीढ़ी– कलेक्टर विश्वदीप
बीजापुर, 25 मई (आरएनएस)। सुशासन तिहार के तहत सोमवार को नैमेड़ में आयोजित समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए शासकीय योजनाओं और जनसुविधाओं का बड़ा मंच बनकर सामने आया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया और सड़क, पुल-पुलिया सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। कलेक्टर विश्वदीप ने ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। नैमेड़ पंचायत में आयोजित शिविर में एरमनार, दुगोली, मिड़ते, कडेर, कैका, पेद्दाकोड़ेपाल, पालनार, मूसालूर और पापनपाल सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब लोगों को उसकी सही जानकारी होगी। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर पात्रता, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचा है, इसलिए अब दस्तावेज बनवाने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है।
कलेक्टर ने बैंक खाता, आधार कार्ड, श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड की उपयोगिता बताते हुए कहा कि आज अधिकांश शासकीय योजनाओं की राशि सीधे बैंक खातों में जमा की जाती है। मनरेगा और तेंदूपत्ता संग्रहण जैसी योजनाओं में भी भुगतान अब बैंकिंग व्यवस्था से हो रहा है, इसलिए हर व्यक्ति का बैंक खाता होना जरूरी है। शिविर में पुनर्वासित महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण के बाद सिलाई मशीनें वितरित की गईं, वहीं राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को श्रम कार्ड प्रदान किए गए। विभिन्न विभागों ने हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। राजस्व विभाग ने डिजिटल किसान किताब, समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, कृषि विभाग ने किसान क्रेडिट कार्ड और मृदा परीक्षण प्रमाण पत्र, मत्स्य विभाग ने महिला समूहों को जाल एवं आईस बॉक्स, स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड तथा पंचायत विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को नए घर की चाबी सौंपी। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती माताओं की गोद भराई और छह माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।शिविर में जिला पंचायत सदस्य मैथियस कुजूर, जनपद उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी, सदस्य अनिल नक्का सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्टॉलों का अवलोकन कर ग्रामीणों को योजनाओं से जुडऩे के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा, एसडीएम जागेश्वर कौशल, सीईओ जनपद पंचायत हिमांशु साहू सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।सुशासन तिहार के इस समाधान शिविर ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर योजनाओं की जानकारी, दस्तावेज निर्माण और त्वरित समाधान को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया, जिसे ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

