सक्ती, 25 मई (आरएनएस)। सक्ती में नौ तपा का पहला दिन ही लोगों पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। शहर की सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं, बाजारों में ग्राहक कम हैं और लोग गर्मी से बचने के लिए ठंडे पेय और छांव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। सामाजिक संस्थाएं भी राहगीरों को शीतल पेय उपलब्ध कराकर राहत पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं।
नौ तपा शुरू होते ही सक्ती जिले में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। चिलचिलाती धूप और तेज गर्म हवाओं के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कें वीरान नजर आ रही हैं और बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
सक्ती में नौ तपा के पहले दिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कें लगभग खाली नजर आने लगीं।
फल और सब्जी बाजारों में भी ग्राहकों की संख्या बेहद कम दिखाई दी। दुकानदारों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते लोग जरूरत पडऩे पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
गर्मी से राहत दिलाने के लिए कुछ सामाजिक संस्थाओं द्वारा राहगीरों को नि:शुल्क शीतल पेय और पानी वितरित किया जा रहा है। राहगीरों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी में बड़ी राहत बताया।
फिलहाल मौसम विभाग आने वाले दिनों में और ज्यादा गर्मी पडऩे की संभावना जता रहा है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी जा रही है।
0

