सिरसा 25 मई (आरएनएस)। इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) सिरसा एवं थैलेसीमिया सोसायटी सिरसा के संयुक्त तत्वावधान में शिव शक्ति ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह सेवा अभियान डॉ. शक्ति सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें शहर के अनेक दंत चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 75 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर डॉ. राकेश सिंगला, डॉ. राधा गोयल, डॉ. विकास जैन, डॉ. विश्वंजय, डॉ. आशिमा कंबोज, डॉ. रोहित ग्रोवर, डॉ. गिरीश, डॉ. महीप बंसल, डॉ. संदीप बत्रा एवं डॉ. अंजू बत्रा सहित अनेक चिकित्सकों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। डा. राधा गोयल ने बताया कि समर सैन के परिवार के चार सदस्यों ने भी रक्तदान कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। थैलेसीमिया मरीजों की सहायता हेतु डॉ. विवेक द्वारा रिलायबल डायग्नोस्टिक सेंटर में नि:शुल्क सीरम फेरिटिन जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना विशेष सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की एक यूनिट कई जिंदगियां बचाने में सहायक होती है। नियमित रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता एवं मानवता की भावना भी मजबूत होती है। विशेषकर गर्मियों के मौसम में रक्त की आवश्यकता बढ़ जाती है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। शिविर को सफल बनाने में डॉ. प्रवीन अरोड़ा एवं डॉ. महीप बंसल के स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

