550 लोगों के स्वास्थ्य की विशेषज्ञों ने की जांच
सिरसा 25 मई (आरएनएस)। सामाजिक संस्था वीर सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन के तत्वावधान व गुरुद्वारा श्री सिंह सभा शक्तिनगर की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 550 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया व जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाएं दी। इस सिलसिले में फाउंडेशन के अध्यक्ष व सेवानिवृत्त प्रिंसिपल राजेश भिवाल ने बताया कि शक्तिनगर स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित इस स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ रानियां के तहसीलदार शुभम कुमार व गुरुद्वारा श्री सिंहसभा के मुख्य ग्रंथी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर के दौरान तहसीलदार शुभम कुमार ने संस्था के अध्यक्ष राजेश भिवाल की इस सामाजिक पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन गरीब व जरूरतमंद लोगों को अपना उपचार करवाने में सुविधा मिलती है जो आर्थिक अभाव में अपना उपचार नहीं करवा पाते। उन्होंने अपनी ओर से संस्था को भविष्य में प्रशासनिक स्तर पर भी मदद देने का आश्वासन दिया। शिविर में अन्य गणमान्यजनों ने भी शिविर के आयोजन के लिए वीर सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश भिवाल व उनकी पूरी टीम को साधुवाद दिया। शिविर में रोगियों की जांच कर उन्हें उपचार देने के लिए फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश भिवाल ने संजीवनी अस्पताल, विवेक अस्पताल, इंलाइट डेंटल क्लीनिक व वरदान आरोग्य निकेतन के विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार प्रकट किया तथा भविष्य में भी सामाजिक कार्यक्रमों को आयोजित करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर मनोज गावड़ी, सतपाल माधोसिंघाना, सुरेंद्र शर्मा, लक्की बड़ागुड़ा, देवी लाल एक्साइज विभाग, आजाद सिंह लेक्चरर, कमल कांटीवाल, चंद्रमोहन जांगड़ा, जॉनी सोनी, गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान स्वर्ण सिंह, सुरजन सिंह कंबोज, दर्शन सिंह, मुख्तार सिंह, दारा सिंह, जयचंद और अविनाश चंद्र सहित अनेक गणमान्यजन भी मौजूद थे। अंत में सभी के लिए लंगर भंडारे की व्यवस्था की गई व अतिथियों, सहयोगियों का सम्मान किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

