एसपी दीपक सहारन के 7 माह के कार्यकाल में 298 मामले दर्ज कर 547 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा ।
दो अपराधिक गैंगों का पर्दाफाश करते हुए 10 इनामी बदमाशों सहित 123 भगोड़ो को दबोचा ।
सिरसा 25 मई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने 24 अक्टूबर 2025 को कार्यभार संभालने के बाद सिरसा जिले में नशा तस्करी और अपराध के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। एसपी दीपक सहारन स्वयं फील्ड में उतरकर गांव-गांव में साइक्लोथॉन यात्राएं और नशा विरोधी सेमिनार आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनकी इस मुहिम का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में युवा नशे से तौबा कर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। एसपी दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस की सभी इकाइयों ने नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया है। पुलिस द्वारा पिछले सात माह के दौरान नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में करीब 10 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस अवधि में कुल 298 मामले दर्ज कर 547 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस टीमों ने विभिन्न अभियानों के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 75 ग्राम हेरोइन, 11 किलो 500 ग्राम अफीम, 789 किलो 490 ग्राम डोडा चूरापोस्त, 45 किलो गांजा पत्ती तथा 13 ग्राम 123 मिलीग्राम कोकीन बरामद की है। इसके अलावा शराब तस्करों एवं खुर्दा संचालकों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 115 मामले दर्ज कर 117 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 7615 बोतल देसी शराब, 911 लीटर अवैध लाहन, 468 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 1248 बोतल बीयर बरामद की। जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 33 मामले दर्ज कर 45 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 अवैध पिस्तौल, 52 कारतूस तथा 2 मैगजीन बरामद कर संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
इसके अतिरिक्त जुआ अधिनियम के तहत 32 मामले दर्ज कर 117 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये की जुआ एवं सट्टा राशि बरामद की गई। वहीं सिरसा पुलिस ने सात माह के दौरान दो आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश करते हुए 10 इनामी बदमाशों सहित 123 भगोड़ों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।सिरसा पुलिस ने इस अवधि में चोरी एवं अन्य मामलों में करीब 1 करोड़ 32 लाख 79 हजार रुपये की चल एवं अचल संपत्ति बरामद कर पीडि़तों को राहत पहुंचाई है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि नशे की काली कमाई से अर्जित संपत्तियों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से ऐसी संपत्तियों को कुर्क करवाने की प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों की संपत्तियों का विवरण शीघ्र एकत्रित करें ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा तस्करों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना निसंकोच पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिरसा में नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर पैर नहीं पसारने दिए जाएंगे और अपराधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

