सिरसा 25 मई (आरएनएस)। एसपी दीपक सहारन के निर्देशानुसार आज ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मचंद की अध्यक्षता में व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोड़ी व सदर बाजार क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए जाने की मांग उठाई। व्यापारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त नियमित रूप से बढ़ाई जाए ताकि असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सके और चोरी, झपटमारी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या के समाधान तथा संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही ताकि किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव भी दिए। ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मचंद ने व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से भी पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की। इंस्पेक्टर धर्मचंद ने कहा कि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे तथा पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना ही पहली प्राथमिकता रहेगी । इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रभान हीरा लाल शर्मा,युवा प्रधान हेमंत गुप्ता, जय प्रकाश भालूसरिया,अंजनी कनोडिया,कीर्ति गर्ग सहित अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

