– मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं मैपिंग प्रक्रिया को लेकर दिए दिशा-निर्देश
– टोल फ्री नंबर 1950 से भी हासिल की जा सकती है जानकारी
सिरसा 25 मई (आरएनएस)। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण, वर्ष 2002 की मतदाता सूची के साथ मैपिंग प्रक्रिया तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोडऩे और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची की मैपिंग के लिए वर्ष 2002 की मतदाता सूची आवश्यक होगी। मतदाता अपना नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में सीईओ हरियाणा की वेबसाइट पर भी खोज सकते हैं। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि गहन पुनरीक्षण के दौरान मृतक, स्थान छोड़ चुके अथवा अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। इसके लिए संबंधित जानकारी बूथ लेवल एजेंट और बूथ लेवल अधिकारियों को उपलब्ध करवाने का आह्वान किया गया ताकि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
इसके अलावा जिला चुनाव कार्यालय सिरसा में मतदाताओं की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी गई। आमजन इस प्रक्रिया के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे जिन्होंने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करवाया है अथवा ऑनलाइन आवेदन किया है। साथ ही जिन मतदाताओं की वर्ष 2002 की सूची के साथ मैपिंग नहीं हुई है, वे भी गणना चरण में अपनी मैपिंग करवा सकते हैं।
बैठक में चुनाव तहसीलदार हनुमान दास ने विस्तार से इस सबंध में जानकारी दी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की शंकाओं का समाधान किया गया। बैठक में भारतीय जनता पार्टी से तरूण भारत, कांग्रेस से सुभाष चंद्र, जेजेपी से नितिन तांडी, आम आदमी पार्टी से डा. सुभाष अरोड़ा व हंस राज, बीएसपी से रामधन चौटाला ने हिस्सा लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

