डबवाली पुलिस लाइन में भव्य योग शिविर आयोजित
सिरसा 26 मई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस लाइन डबवाली में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हुए उन्हें तनाव मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।योग शिविर के दौरान योगाचार्य कुलविन्दर सिंह ने पुलिस कर्मियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया । जिसमें अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका जैसे प्राणायाम तथा ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित कई आसनों का अभ्यास कराया गया। योगाचार्य ने विस्तार से बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा कार्यक्षमता में सकारात्मक वृद्धि होती है।इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डबवाली योगेश कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होता है। ऐसे में योग जैसी प्राचीन भारतीय पद्धति पुलिस कर्मियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कर्मचारी नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे, तो वे न केवल शारीरिक रूप से फिट रहेंगे, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनेंगे, जिससे उनकी कार्यशैली और सुदृढ़ होगी।योगाचार्य कुलविन्दर सिंह ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को बनाए रखती है। उन्होंने उपस्थित पुलिस कर्मियों को प्रतिदिन योग करने का संदेश देते हुए कहा कि इससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति स्वस्थ एवं चुस्त रहता है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग के महत्व को समझते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। इस योग शिविर में पुलिस कर्मचारियों के परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रेरणादायक एवं प्रभावी बना।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

