सिरसा 26 मई (आरएनएस)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी, सिरसा जिला द्वारा महेश्वरी सदन, रानिया रोड, सिरसा में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह की अध्यक्षता तथा जिला प्रभारी वेद फूलां के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें भाजपा सिरसा के सूचीबद्ध कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण वर्ग की जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशन तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली के नेतृत्व में भाजपा का संगठन लगातार विस्तृत हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा द्वारा देशभर में कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 23 और 24 मई को आयोजित इस 36 घंटे के प्रशिक्षण शिविर में कुल 12 सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ जवाहर सैनी द्वारा प्रदर्शनी अवलोकन के पश्चात वर्ग गीत, दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। प्रथम सत्र में जवाहर सैनी ने राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां विषय पर विचार रखे। दूसरे सत्र में प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य ने हमारी कार्य पद्धति विषय पर व्याख्यान दिया। तृतीय सत्र में हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने पार्टी का इतिहास और विकास विषय पर जानकारी दी। चौथे सत्र में धूमन सिंह किरमिच ने कार्य विस्तार पर प्रकाश डाला। पांचवें सत्र में हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने प्रदेश सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी दी, जबकि छठे सत्र में मदन गोयल ने विचार परिवार विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। शाम को जिला प्रभारी वेद फूलां और जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने वर्ग समीक्षा की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा रात्रि विश्राम के पश्चात शिविर के दूसरे दिन की शुरूआत हुई। दूसरे दिन योग, प्राणायाम एवं व्यायाम के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। डॉ. बलजीत सहारण ने प्राकृतिक खेती विषय पर प्रशिक्षण दिया। सातवें सत्र में सुरेंद्र आर्य ने कार्यकर्ता विकास विषय पर अपने विचार रखे, जबकि आठवें सत्र में प्रदीप जैन ने वैचारिक अधिष्ठान पर व्याख्यान दिया। नौवें सत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल गुप्ता ने बूथ प्रबंधन, मन की बात एवं एसआईआर विषयों पर चर्चा की। दसवें सत्र में सोशल मीडिया हैड अरुण यादव ने कार्यकर्ताओं को मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी की बारीकियों से अवगत कराया। 11वें सत्र में पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं विषय पर प्रशिक्षण दिया। अंतिम एवं 12वें सत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रवीण जैन ने व्यावहारिक सत्र एवं चुनाव प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। शिविर के समापन पर भाजपा आईटी विभाग द्वारा उपस्थित कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई तथा उन्हें डिजिटल प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समापन सत्र में जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह एवं जिला प्रभारी वेद फूलां ने सभी वक्ताओं, कार्यकर्ताओं तथा कार्यक्रम व्यवस्था में जुटे स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

