मेडिकल स्टोर संचालक सीसीटीवी कैमरे लगवाने सुनिश्चित करें :- डीएसपी सुखबीर सिंह।
सिरसा 26 मई (आरएनएस)। बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में डीएसपी मुख्यालय सुखबीर सिंह ने मेडिकल एसोसिएशन तथा मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ बैठक कर नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में सहयोग की अपील की। बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी सुखबीर सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है और मेडिकल स्टोर संचालकों की भूमिका इसमें बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी मेडिकल स्टोर पर बिना डॉक्टर की अधिकृत पर्ची के दवाईयां न बेची जाएं तथा किसी भी प्रकार की नशीली एवं प्रतिबंधित दवाई बेचने से पूरी तरह परहेज किया जाए। यदि पुलिस जांच के दौरान किसी मेडिकल स्टोर पर अनियमितताएं पाई जाती हैं या नशे के कारोबार में संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय प्रशासन के सहयोग से ऐसे मेडिकल स्टोर का रजिस्ट्रेशन भी रद्द करवाया जाएगा। डीएसपी ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपने गांव और आसपास के मेडिकल स्टोरों पर नजर रखें तथा यदि कहीं नशीली दवाईयां बेचे जाने की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला एवं पूरे प्रदेश से नशे को जड़ से समाप्त करना पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इस अवसर पर सिक्योरिटी इंचार्ज इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार, केशव वशिष्ठ, मेडिकल एसोसिएशन के जिला प्रधान एम एल बजाज सहित अनेक पदाधिकारी एवं मेडिकल स्टोर संचालक उपस्थित रहे। सभी मेडिकल संचालकों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

