थाने में आने वाले फरियादियों की गंभीरता से सुनवाई कर, शीघ्र न्याय दिलवाएं :- डीएसपी ।
सिरसा 26 मई (आरएनएस)। एसपी दीपक सहारन के निर्देशानुसार डीएसपी राज सिंह ने डिंग थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारियों की बैठक लेकर पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जांच अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी ई-साक्ष्य ऐप, ई-चालान तथा ई-समनिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से स्वयं को पूरी तरह से परिचित करें तथा थानों के सभी रजिस्टर व रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखें, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाई जा सके। बैठक के दौरान डीएसपी राज सिंह ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज किया जाए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न आपराधिक मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अदालत में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करें, ताकि अपराधी किसी भी स्थिति में सजा से बच न पाएं। उन्होंने कहा कि संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए अनसुलझे मामलों में महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर शीघ्र निपटारा किया जाए तथा वांछित आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पीएम विंडो, सीएम विंडो, जन संवाद एवं हरसमय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के निर्देश भी दिए। डीएसपी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निपटारा पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने चोरी, गृहभेदन एवं वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस चेकिंग अभियान तथा पैदल गश्त को बढ़ाया जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। बैठक में थाना के सभी जांच अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

