अयोध्या 26 मई (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग के बीसीए छात्रों ने गूगल एम्बेसडर प्रोग्राम में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर तकनीकी नवाचार एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभाग के छात्र-छात्राओं शाक्षी वर्मा, आशुतोष सिंह सहित लगभग तीस छात्रों ने प्रतिभाग किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गूगल की नवीनतम तकनीकों, एआई टूल्स एवं डिजिटल इनोवेशन से जोडऩा रहा।
विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान एवं डिजिटल दक्षता छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की तकनीकों से परिचित कराते हैं तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, नवाचार एवं रचनात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। डॉ. अनुराग तिवारी ने कहा कि गूगल एम्बेसडर प्रोग्राम छात्रों के लिए सीखने, नेतृत्व विकसित करने तथा तकनीकी कौशल को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को एआई, गूगल जेमिनी एवं अन्य आधुनिक डिजिटल टूल्स के उपयोग की जानकारी प्राप्त हुई, जिससे उनका व्यावसायिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण और अधिक सशक्त होगा। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकों डॉ. संजीत पांडेय, पवनी रस्तोगी, पवन कुमार एवं श्याम श्रीवास्तव ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं एम्बेसडर कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग एवं शिक्षा जगत की वर्तमान आवश्यकताओं से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

