New Delhi 27 May, (Rns) /- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (Delhi Police Crime Branch) ने देश की सबसे बड़ी मसाला मंडी खारी बावली (Khari Baoli) में चल रहे मिलावटी मसालों के बड़े खेल का खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच ने इलाके में संचालित एक अवैध मसाला फैक्ट्री (Fake Spices Factory ) पर छापा मारकर करीब 802 किलो नकली और मिलावटी मसाले बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से दिल्ली-NCR में नकली मसालों की सप्लाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कमलजीत के रूप में हुई है, जो मुकुंदपुर इलाके का निवासी है। अधिकारियों ने बताया कि 23 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि नया बांस इलाके के एक मकान में बड़े पैमाने पर नकली मसाले तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी कर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
जांच से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार, इस अवैध यूनिट में कथित तौर पर घटिया सामग्री, नकली रंग, चावल के टुकड़े, मिर्च के डंठल और अन्य मिलावटी पदार्थों का इस्तेमाल कर नकली मसाले तैयार किए जाते थे। यहां नकली हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, पीली मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर और गरम मसाला बनाया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि ये मिलावटी मसाले दिल्ली-NCR के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किए जा रहे थे और आम लोगों की रसोई तक पहुंच रहे थे। मामले की जांच जारी है और पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है

