सिरसा 27 मई (आरएनएस)। सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया को टेलीफोन पर मिली धमकी के मामले में प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अपराधियों में अब कानून का कोई भय नहीं रह गया है, जिसके चलते जनप्रतिनिधियों तक को खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं।
राजकुमार शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार सिरसा के विधायक को धमकी दी गई है, वह बेहद चिंताजनक और निंदनीय घटना है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधायक की सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। यदि जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले भी कांग्रेस नेताओं को धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन सरकार और पुलिस प्रशासन इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। शर्मा ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में अपराध और असुरक्षा का माहौल बढ़ा है, जिससे आम लोगों में भय का वातावरण बना हुआ है। राजकुमार शर्मा ने सरकार से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभाव से उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

