नईदिल्ली,27 मई(आरएनएस)। दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान हवा में 8 घंटे बिताने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लौट आया। बताया जा रहा है कि बोइंग 777 का एआई-173 उड़ान, तकनीकी खराबी के कारण वापस आया है। विमान में चालक दल के सदस्यों समेत 250 लोग सवार थे। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया है। एयर इंडिया ने सुरक्षा मानकों के अनुरूप विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
विमान ने बुधवार सुबह 3.09 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। इस बीच, पायलटों को पता चला कि विमान का ट्रैफिक कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम (टीसीएएस) ठीक से काम नहीं कर रहा था। जब विमान उत्तरी अटलांटिक महासागर क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भरते हुए विमान चीन के ऊपर से गुजर रहा था, तब पायलटों ने इसे वापस लौटाने का फैसला किया। विशेषज्ञों के मुताबिक, 29,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर टीसीएएस का सही ढंग से काम करना अनिवार्य है।
घटना के बाद एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम उन्हें यथाशीघ्र उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को जलपान, होटल में ठहरने या उनकी इच्छानुसार यात्रा का पुनर्निर्धारण सहित सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं। बता दें कि 21 मई को बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एक एयर इंडिया के विमान के इंजन में आग लग गई थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

