रायपुर 28 मई (आरएनएस) “तीन दिन तक रायपुर में सिर्फ आम की खुशबू होगी, स्वाद होगा, प्रतियोगिताएं होंगी और देश-विदेश की दुर्लभ किस्में लोगों को आकर्षित करेंगी”, राजधानी रायपुर का इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय आम महोत्सव के रंग में रंगने जा रहा है, जहां आम प्रेमियों, किसानों, विद्यार्थियों और उद्यमियों के लिए देश का सबसे खास आम उत्सव सजाया जाएगा। राज्यपाल रमेन डेका 29 मई को शाम 4 बजे इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू समेत कई जनप्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ इस खास आयोजन में शामिल होंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेगा इवेंट में आम की 250 से अधिक देशी-विदेशी किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां दशहरी, चौसा, केसर, अलफान्सो, मालदा, हिमसागर, तोतापरी, नीलम, फजली जैसी लोकप्रिय किस्मों के साथ जापान की चर्चित मियाजाकी, गोल्डन नगेट्स और टॉमी एटकिन्स जैसी विदेशी किस्में भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। महोत्सव में आम से बने व्यंजन, अचार, पना, आमरस, जैम, मिठाइयों और अन्य उत्पादों की प्रतियोगिताएं होंगी, वहीं मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, बोनसाई, सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय लोगों को आम से स्वादिष्ट व्यंजन बनाना सिखाएंगी। आयोजन स्थल पर आम की उन्नत किस्मों के पौधे और फल बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। खास बात यह है कि 11 आम की गुठलियां लाने वाले लोगों को उन्नत किस्म का आम पौधा मुफ्त दिया जाएगा। 30 मई को आम उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन पर तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जबकि 31 मई को सफल आम उत्पादक किसान अपनी सफलता की कहानी साझा करेंगे। आयोजन में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। फिलहाल रायपुर में होने वाला यह राष्ट्रीय आम महोत्सव सिर्फ स्वाद का उत्सव नहीं बल्कि खेती, रोजगार, नवाचार और कृषि पर्यटन का बड़ा मंच बनने जा रहा है, जहां आम के बहाने किसानों से लेकर आम जनता तक सबको नए अवसरों का स्वाद मिलने वाला है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

