भोपाल 28 मई (आरएनएस)। भोपाल सहित प्रदेश भर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का त्यौहार अकीदत, उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। शहर में ईद को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। सुबह ठीक 6:30 बजे शहर की ऐतिहासिक ईदगाह में सबसे पहले ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने पहुंचकर नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली तथा बेहतर स्वास्थ्य की दुआ मांगी। ईदगाह में शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने नमाज अदा करवाई और खुतबा पेश किया।
इसके बाद शहर की 56 से अधिक बड़ी मस्जिदों और ग्राउंड में नमाज अदा की गई। शहर की ताजुल मस्जिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद तथा मस्जिद बिलकिश जहां, प्रेस परिसर स्थित मस्जिद रब्बानी, जामा मस्जिद निजामुद्दीन कॉलोनी, हबीबगंज, बिट्टन मार्केट,पांच नंबर,कोलार सहित विभिन्न मस्जिदों में लाखों लोगों ने नमाज अदा कर खुतबा सुना और खुदा की बारगाह में हाथ उठाकर दुआएं मांगीं। खुतबा और दुआ के दौरान नमाज स्थल पर पिन ड्रॉप साइलेंट का नजारा रहा,पेश इमाम के लफ्जों पर आमीन की सदाएं गूंजती रही।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद घरों में अल्लाह की राह में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। मुस्लिम समाज के लोगों ने परंपरा और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कुर्बानी अदा की। ईद-उल-अजहा के साथ कुर्बानी का दौर आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगा। ईद की नमाज के बाद लोगों ने कब्रिस्तानों में जाकर फातिहा पढ़कर अपने मरहूमिन को सवाब पहुंचाया तथा जरूरतमंदों को सदका व खैरात बांटकर एक-दूसरे को त्योहार की मुबारकबाद दी।
बकरीद पर राजधानी में सख्त सुरक्षा व्यवस्था रही। ईदगाह समेत सभी मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। ईदगाह पर स्वयं एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए पुलिस टीम के साथ जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था भी चुस्त दुरुस्त रही, लोगों को नमाज के लिए आने-जाने में कहीं कोई परेशानी नहीं हुई।

