सीहोर।(आरएनएस)। शहर के बीएसआई मैदान पर एकलव्य फैंडशिप क्रिकेट लीग प्रतियोगिता 2026 के फाइनल मैच रोमांचक रहा। इस मैच में एकलव्य क्रिकेट अकादमी रेड ने उड़ान क्रिकेट अकादमी ब्लू को 3 विकेट से हराया। इस मैच में एक पारी में 210 का विस्फोटक लगाकर फाइनल तक अपनी टीम तक लाने वाले 15 वर्षीय अराव मसीह ने 81 रन की शानदार पारी खेली, वहीं अनंत पेशवानी ने 8 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट और अंशुल राठौर ने 7 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। गुरुवार को मैच के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विधायक सुदेश राय, कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र यादव, एकलव्य क्रिकेट अकादमी के संरक्षक जगदीश कुशवाहा, कोच अतुल कुशवाहा एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा, प्रदीप चौहान, गौरव पिचोनिया, चेतन मेवाड़ा आदि ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।
गुरुवार को सुबह पहले बल्लेबाजी करने उतरी उडान क्रिकेट अकादमी ब्लू ने 38.3 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए थे। इसमें प्रखर ने 40 रन, सूर्या शर्मा ने 39 रन, दिशांत पाटीदार ने 23 रन, विवेक-देव चौहान ने 13-13 रन, साई नमन ने 11 रन और अदवित यादव ने 10 रन की पारी खेली। इधर एकलव्य क्रिकेट अकादमी रेड की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनंत पेशवानी ने 4 विकेट, अंशुल राठौर ने 3 विकेट, अंश वर्मा, अभिनव राठौर और बंधन पावर ने 1-1 विकेट हासिल किया।
डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि लक्ष्य का पीछा करने उतरी एकलव्य क्रिकेट अकादमी रेड ने 7 विकेट खोकर जीत हासिल की। इसमें अराव मसीह ने 66 गेंद पर 81 रन, अहद खान ने 30 रन, अनंत पेशवानी ने 13 रन और मोहित माहेश्वरी ने 25 रन बनाए थे। इधर उड़ान क्रिकेट अकादमी ब्लू की ओर से गेंदबाजी करते हुए साई नमन ने 2 विकेट, अदिवत यादव, प्रखर, दिशांत पाटीदार और शिखर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

