उज्जैन 28 मई (आरएनएस)। महाकाल थाना क्षेत्र के नलिया बाखल इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चाकूबाजी की घटना में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजन और स्थानीय लोग थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतक के पिता प्रेमनारायण मंसोरिया की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
महाकाल थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा एवं थाना प्रभारी गगन बादल की विशेष टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले में एकलव्य शर्मा निवासी पुष्कर बावड़ी, नलिया बाखल सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। कुछ युवक इलाके में बातचीत कर रहे थे। तभी एक युवक वहां पहुंचा और दूसरे युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
विवाद के दौरान स्थिति उग्र हो गई। इसी दौरान चाकू से हमला किया गया, जिसमें मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्त घायल मोहित को तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कई युवक आपस में झगड़ते दिखाई दे रहे हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।

