उज्जैन 28 मई (आरएनएस)।कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत अचानक मुंबई से सीधे उज्जैन जिले के नागदा स्थित अपने निवास पहुंच गए। उनके नागदा पहुंचने के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल गेहलोत की पत्नी अनीता गहलोत की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। बताया जा रहा है कि उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया था, जिसके चलते राज्यपाल को मुंबई से सीधे नागदा आना पड़ा। पहले उन्हें चौधरी अस्पताल में डॉक्टरों को दिखाया गया, जिसके बाद फिलहाल घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
राज्यपाल के नागदा स्थित निवास के बाहर मीडिया का जमावड़ा लग गया है। वहीं प्रशासन और चिकित्सकों की टीम लगातार अनीता गेहलोत की सेहत पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

