गुना 28 मई (आरएनएस)। जिले के बमोरी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सीएम राइज स्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
उसके कब्जे से 4 किलो 59 ग्राम अवैध गांजा और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस बल सीएम राइज स्कूल के सामने वाहनों और संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बागेरी की तरफ से आ रही एक लाल-काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ की गई। बाइक चालक ने अपना नाम बालस्वरूप (52) पुत्र राधाकिशन किरार, निवासी ग्राम परांठ बताया।
पूछताछ के दौरान युवक घबराने लगा, जिससे संदेह होने पर पुलिस ने गाड़ी पर बंधे थैले की तलाशी ली।
थैले के अंदर रखे एक अन्य कपड़े के थैले में तीन खाकी प्लास्टिक टेप से लिपटे पैकेट मिले, जिन्हें खोलने पर कुल 4.059 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। आरोपी के पास मौजूद बिना नंबर की बाइक को भी मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी बालस्वरूप ने कबूला कि वह यह गांजा रूठियाई तरफ से एक अज्ञात व्यक्ति से 80 हजार रुपये में खरीदकर लाया था और इसे ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था।
बमोरी पुलिस ने आरोपी का यह कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय पाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले को विस्तृत विवेचना में लिया है।

