दमोह 28 मई (आरएनएस)। नौतपा के चौथे दिन अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी बीच, जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में मौसम ने करवट ली। यहां करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।
तेंदूखेड़ा ब्लॉक के तारादेही गांव में शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम में बदलाव आया। तेज धूप और गर्म हवाओं के बाद शुरू हुई बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे इलाके को ठंडा कर दिया। कई लोगों ने बारिश का आनंद लिया, जबकि कुछ लोग खुद को बचाने का प्रयास करते दिखे।
हालांकि, दमोह के शहरी क्षेत्र में आसमान में बादल नहीं छाए और न ही बारिश हुई। यहां सुबह से शाम तक तेज धूप बनी रही, जिससे शहरवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय शहर के कई चौराहे सुनसान दिखाई दिए और लोग ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते नजर आए।

