दमोह 28 मई (आरएनएस)। बकरीद के पर्व के लिए लाया गया एक बकरा चोरी हो गया। मालिक नईम खान की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब तीन घंटे में बकरे को बरामद कर लिया और उसे मालिक को सौंप दिया।
पलंदी चौराहा निवासी नईम खान ने कुर्बानी के लिए 20,000 रुपए का एक बकरा खरीदा था। उन्होंने बकरे को अपने घर के बाहर परिसर में बांध रखा था। गुरुवार सुबह जब नईम खान नमाज पढऩे गए, तभी उनका बकरा चोरी हो गया। नमाज से लौटने पर बकरा न मिलने पर उन्होंने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि गड़ी मोहल्ला निवासी अलीम टोपा बकरा चुराकर अपने घर ले गया था। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बकरे को अलीम टोपा के घर से बरामद कर लिया। आरोपी अलीम टोपा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
बकरे का नाम मोंटी था, जिसे नईम खान ने 20,000 रुपए में खरीदा था। पुलिस ने पीडि़त नईम खान को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने अपने बकरे को पहचान लिया। बकरा मालिक को सौंपने के बाद पुलिस ने आरोपी अलीम टोपा के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

